आरोपी गिरफ्तार, प्रेम प्रसंग में विवाद की आशंका
बूटीबोरी, संवाददाता. शहर के हनुमाननगर इलाके में 26 वर्षीय युवक की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. यह वारदात 23 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे हुई. मामले में संदिग्ध आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. मृतक की पहचान तुषार कुलमते, निवासी पुरानी बस्ती, बूटीबोरी के रूप में हुई है. तुषार हनुमाननगर इलाके में अपने मामा के यहां रह रहा था. इसी दौरान उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. हालांकि, प्रारंभिक चर्चा के अनुसार, प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है. मामले में अजय सिरसाम, निवासी हनुमाननगर, बूटीबोरी पर संदेह व्यक्त किया गया था. अब आरोपी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है.
जांच में सामने आएंगे अहम तथ्य
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, वारदात से पहले हुए विवाद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस जांच में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है. फिलहाल, इस हत्याकांड को लेकर कई सवाल बने हुए हैं. तुषार की हत्या आखिर किस वजह से की गई और वारदात के पीछे की वास्तविक कहानी क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.





