बुटीबोरी : धनतेरस के पावन अवसर पर बुटीबोरी शहर के मुख्य बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। त्योहार के चलते पूरे बाजार में रौनक छाई रही और दुकानों पर ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही।
बुटीबोरी एक प्रमुख औद्योगिक शहर के रूप में जाना जाता है। धनतेरस के अवसर पर यहां के मुख्य बाजार में नए और छोटे-बड़े व्यापारियों ने अपनी दुकानें सजाई थीं। बाजार में मां लक्ष्मी की मूर्तियां, मिट्टी के दीपक, आकर्षक लाइटिंग, पूजा सामग्री और सजावट की विभिन्न वस्तुओं की खरीदारी करते हुए लोग नजर आए।
इसके साथ ही मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने धनतेरस के शुभ अवसर पर उत्साह के साथ खरीदारी की और दीपावली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
त्योहार के चलते बाजार में बढ़ी रौनक से स्थानीय एवं छोटे व्यापारियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। धनतेरस के इस अवसर पर बुटीबोरी की मुख्य बाजारपेठ पूरी तरह उत्सवमय नजर आई।



