बुटीबोरी/नागपुर: स्थानीय इरा इंटरनेशनल स्कूल, बुटीबोरी की छात्रा हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला क्रीड़ा अधिकारी (DSO) द्वारा आयोजित यू-17 जिला स्तरीय हॉकी टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है।

टूर्नामेंट के दौरान इरा स्कूल की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट कौशल और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल मुकाबले में इरा की टीम ने एसओएस (SOS) को 8-0 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।
जीत के इस सिलसिले को जारी रखते हुए, इरा स्कूल ने फाइनल मैच में ज्ञान विद्या मंदिर को 5-0 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। फाइनल में सुमिधारानी दास, मैथिली मटकर, भार्गवी उरकुड़कर, आशि सिंह और माही पाटिल ने 1-1 गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस ऐतिहासिक सफलता के साथ ही बुटीबोरी के इरा स्कूल की टीम ने 17 अक्टूबर 2026 को आरमोरी में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय (Division Level) चैंपियनशिप में नागपुर जिले का प्रतिनिधित्व करने की पात्रता हासिल कर ली है।
टीम की इस बड़ी उपलब्धि पर स्कूल की प्राचार्या श्रद्धा सरदेसाई, उप-प्राचार्या अर्चना तिवारी, अध्यक्ष रिम्पल लोहिया और कोच शाहिद बक्स ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी तथा आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
